logo

शिक्षा विभाग दो साल से स्कूली बच्चों से कर रहा अवैध वसूली- बीजेपी प्रवक्ता अजय साह का आरोप

BJP321.jpg

रांची 
झारखंड भाजपा ने बुधवार को प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार के शिक्षा विभाग पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कहा कि “राज्य में चौतरफा लूट मची है, सरकार अब स्कूली बच्चों को भी नहीं छोड़ रही। शिक्षा विभाग में पिछले दो वर्षों से आधार कार्ड अपडेट और एनरोलमेंट के नाम पर व्यापक अवैध वसूली हुई है।” अजय साह के अनुसार, मार्च 2023 में JEPC—जो शिक्षा विभाग के अधीन कार्य करता है—ने स्कूली बच्चों के आधार एनरोलमेंट और बायोमेट्रिक अपडेट के लिए टेंडर जारी किया था, जिसमें MKS एंटरप्राइज़ को एजेंसी के रूप में चुना गया।


भाजपा नेता ने दावा किया कि टेंडर दस्तावेज, वर्क ऑर्डर, JEPC निदेशक के आधिकारिक पत्र और RTI से मिली जानकारी स्पष्ट रूप से बताती है कि छात्रों से किसी भी प्रकार की फीस नहीं ली जानी थी। प्रति छात्र 50 रुपये का भुगतान केंद्र सरकार की ओर से JEPC को किया जाना था, जिसे एजेंसी को प्रदान किया जाना था।
इसके बावजूद, साह ने आरोप लगाया कि JEPC के संरक्षण में MKS एंटरप्राइज़ ने दो सालों तक स्कूलों में अवैध वसूली की। उन्होंने डिजिटल पेमेंट रिकॉर्ड दिखाते हुए कहा कि राज्य के 250 ब्लॉक रिसोर्स सेंटर्स में हर दिन औसतन 2,000 रुपये की वसूली होती रही। इस आधार पर छात्रों से लगभग 36 करोड़ रुपये गैरकानूनी रूप से वसूल लिए गए।
साह ने यह भी आरोप लगाया कि आधार एनरोलमेंट के नाम पर केंद्र सरकार से भी लगभग इतनी ही राशि ली गई, जिससे फर्जीवाड़े की कुल रकम करीब 75 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। भाजपा ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News